अलीगढ़ में रविवार सुबह में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी शून्य है। रुक – रुककर सर्द हवाएं बह रही हैं। गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग कोहरे के कारण देर से घर से निकले। ठंड से बचने के लिए लोग आग तापते हुए दिखाई दिए। आज का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 1 जनवरी से ठंड और बढ़ेगी। लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। AQI 307, हवा हुई जहरीली घने कोहरे के साथ प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। अलीगढ़ का AQI बहुत खराब श्रेणी में 307 रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक ठंड के मौसम में हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण वातावरण में ही अटके रहते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों पर पड़ रहा है। रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें लेट कोहरे का सीधा असर रेल संचालन पर भी दिखा। अलीगढ़ होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें कई घंटे की देरी से चलीं। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस और स्वर्ण शताब्दी के अलावा दिल्ली से कानपुर जाने वाली कानपुर शताब्दी भी देरी से चल रही है। लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार कम रखी गई है। इससे स्टेशन पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। विजिबिलिटी कम होने के कारणों वाहनों के आवाजाही में देरी कम विजिबिलिटी के चलते सुबह के समय खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों और मालवाहक गाड़ियों को दिक्कत हुई। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का सही उपयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। आगे कैसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम घना कोहरा और ठिठुरन बनी रहेगी। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
https://ift.tt/1AymlC5
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply