भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सोमवार शाम से बागपत कोतवाली में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह प्रदर्शन ओडिशा में राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के विरोध में किया जा रहा है। यूनियन ने राकेश टिकैत की तत्काल रिहाई की मांग की है और रिहाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियन के दिल्ली-एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा ने बताया कि राकेश टिकैत ओडिशा में किसानों की समस्याओं को लेकर पहुंचे थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरफ्तारी के बाद से ही यूनियन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरे प्रदेश के सभी थानों पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। धामा ने स्पष्ट किया कि यह धरना प्रदर्शन अनिश्चितकालीन है और राकेश टिकैत की रिहाई होने तक जारी रहेगा। यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने कहा कि राकेश टिकैत की गिरफ्तारी तानाशाही तरीके से की गई है। उन्होंने बताया कि टिकैत ओडिशा में किसानों की विभिन्न मांगों का समर्थन करने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें जबरन गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply