महोबा के जिला स्टेडियम में बैडमिंटन खेलते समय 58 वर्षीय सुधीर गुप्ता की अचानक मौत हो गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें देखा जा सकता है कि महज 5 सेकंड के भीतर उनकी जान चली गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर की पस्तोर गली निवासी सुधीर गुप्ता प्रतिदिन की तरह जिला स्टेडियम में बैडमिंटन खेलने पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज में वह अपने साथियों के साथ खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने एक के बाद एक तीन शॉट खेले।
तीसरे शॉट के 11 सेकंड बाद, सुधीर अचानक असहज महसूस करने लगे। उनके कदम लड़खड़ाए और उन्होंने अपना हाथ सीने पर रखा। साथी खिलाड़ियों के कुछ समझ पाने या मदद के लिए पहुंचने से पहले ही, सुधीर 5 सेकंड के भीतर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। सुधीर को गिरता देख स्टेडियम में मौजूद लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। साथी खिलाड़ी उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने इसे साइलेंट हार्ट अटैक का मामला बताया है। इस घटना के बाद सुधीर गुप्ता के परिवार में शोक का माहौल है। उनका परिवार गहरे सदमे में है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Leave a Reply