बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हकीमपुर नारायण में एक 11 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी। मृतका की पहचान हकीमपुर नारायण निवासी गोविंद की 11 वर्षीय पुत्री लतिका के रूप में हुई है। वह अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी और कक्षा पांच की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि घटना के समय लतिका के पिता गोविंद शुगर मिल में मजदूरी करने गए थे। घर में अन्य बच्चे भी थे, जो खेलने बाहर चले गए थे। शाम को जब पिता घर लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। इस घटना से परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को जानकारी दी गई। लतिका की मां कुसुम लगभग डेढ़ वर्ष पहले घर छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद से बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी पिता गोविंद पर ही थी। किशोरी द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply