जौनपुर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान डीएम ने अभियोजन से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों में समयबद्ध और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए। जिससे दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने और उनके त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि साक्ष्यों को मजबूत तरीके से न्यायालय में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया। वहीं बैठक में लंबित वादों की प्रगति, दोषसिद्धि दर, गवाही की स्थिति और न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले अभिलेखों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply