लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में छत से थूकने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने दंपति पर हमला कर दिया और दोनों को सिर फोड़ दिया। आरोपी लंबे समय से पीड़ित दंपति को परेशान कर रहे हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। कृष्णापल्ली आलमबाग निवासी जय प्रकाश मौर्या ने बताया उनकी पत्नी संगीता मौर्या शनिवार को दूध लेने जा रही थीं। तभी पड़ोस में रहने वाले बीरेन्द्र पाल के घर के पास से गुजरते समय उसके पिता रामसमुझ पाल ने छत से उन पर थूक दिया। इस पर संगीता ने विरोध जताया तो बीरेन्द्र पाल गाली-गलौज करते हुए मौके पर पहुंचा और संगीता को थप्पड़ मार दिए। विरोध करने पर बीरेन्द्र ने संगीता के हाथ से दूध की बाल्टी छीनकर उनके सिर पर मार दी। बीच-बचाव करने पहुंचे जय प्रकाश मौर्या पर भी आरोपित ने उसी बाल्टी से कई वार किए। जिससे दोनों के सिर फट गए और खून बहने लगा। घटना के बाद दंपति का बेटा अभिषेक मौर्या उन्हें इलाज के लिए अजंता अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद दोनों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में कराया गया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपित पिछले दो साल से उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की गई है। मामले में कृष्णानगर इंस्पेक्टर का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।

Leave a Reply