बलरामपुर के जिला महिला अस्पताल में सोमवार शाम एकाउंटेंट राज कुमार गुप्ता पर हमला हुआ। स्टाफ नर्स आरती पाण्डेय के पति सुनील पाण्डेय ने कार्यालय में घुसकर उन पर हमला किया, जिससे राज कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ टूट गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल एकाउंटेंट को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित राज कुमार गुप्ता की ओर से कोतवाली नगर में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला महिला अस्पताल में आरती पाण्डेय संविदा स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत हैं। कुछ समय पहले इन्क्रीमेंट को लेकर उनका अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुमन दत्त गौतम से विवाद हुआ था। यह मामला सुलझ नहीं सका था, जिसके चलते सोमवार को आरती पाण्डेय के पति सुनील पाण्डेय अस्पताल पहुंचे और एकाउंटेंट पर हमला कर दिया। एकाउंटेंट राज कुमार गुप्ता नगर के अचलापुर वार्ड के निवासी हैं, जबकि आरोपी सुनील पाण्डेय गोंडा का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply