बिहार में तेज ठंडी पछुआ हवा चल रही है, जिससे हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी रविवार को प्रदेश के 32 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक दिन-रात ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच नए साल की शुरुआत होगी। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी। गयाजी रहा सबसे ठंडा जिला शनिवार को बिहार के 7 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है। पिछले 24 घंटे में गयाजी सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, ठंडी पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। प्रदेश में क्यों बढ़ गई है ठंड IMD के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसका असर प्रदेश के ऊपर पड़ रहा है। हिमालय की तलहटी को छूकर बह रही उत्तरी पछुआ हवा और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी ने ठंड और बढ़ा दी है। जेट स्ट्रीम की सर्द हवा दिन-रात ठिठुरन का एहसास करा रही हैं। मौसम से जुड़ी तस्वीरें देखिए… पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी पटना में आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक रहने की संभावना है। ठंडी हवा के कारण ठिठुरन बनी रहेगी। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। नए साल तक कैसा रहेगा मौसम 29 दिसंबर- राज्य के उत्तर और दक्षिणी-पश्चिमी हिस्सों के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 30 दिसंबर- अधिकांश जिलों में कोहरे का असर और बढ़ सकता है। 31 दिसंबर और नए साल की शुरुआत भी ठंड और कोहरे के बीच होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
https://ift.tt/ICshlow
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply