मिर्जापुर के चुनार पुलिस ने महिला से दुष्कर्म और अन्य गंभीर आरोपों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमित साहनी पुत्र पंचम साहनी, निवासी सराय टेकउर, थाना चुनार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार थाना चुनार क्षेत्र की एक महिला ने नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में घर में घुसकर छेड़खानी, अश्लील हरकतें करने, तोड़फोड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में, सोमवार को उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने अपनी पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्राम धौरहरा से आरोपी अमित साहनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया और फिर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply