DniNews.Live

CSJMU में पुरानी यादें ताजा होंगी:18 अप्रैल को जुटेंगे 250 से ज्यादा दिग्गज छात्र, नैरोलैक पेंट्स के CBO होंगे मुख्य अतिथि

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJM) का स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट एक बार फिर पुरानी यादों के गलियारों में लौटने को तैयार है। आगामी 18 अप्रैल 2026 (शनिवार) को विश्वविद्यालय परिसर में पूर्व छात्र सम्मेलन ‘नॉस्टैल्जिया’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक की प्रेरणा और मार्गदर्शन में होने वाले इस कार्यक्रम का मकसद केवल पुरानी दोस्ती को याद करना नहीं, बल्कि वर्तमान छात्रों के लिए भविष्य की राह आसान करना भी है। नैरोलैक पेंट्स के चीफ बिजनेस ऑफिसर बनेंगे मुख्य आकर्षण इस बार की एल्यूमिनी मीट की सबसे खास बात यह है कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इसी विभाग के पूर्व छात्र रहे श्री राम मल्होत्रा होंगे। एमबीए (वर्ष 1992-1994) बैच के छात्र रहे श्री मल्होत्रा वर्तमान में मशहूर कंपनी नैरोलैक पेंट्स में चीफ बिजनेस ऑफिसर के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं। वे अपनी सफलता की कहानी और कॉर्पोरेट जगत के गहरे अनुभव जूनियर छात्रों के साथ साझा करेंगे। स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. सुधांशु पांड्या ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे समागम की अध्यक्षता खुद कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक करेंगे। ‘नॉस्टैल्जिया’: नेटवर्किंग और मार्गदर्शन का साझा मंच प्रो. सुधांशु पांड्या ने बताया कि,’नॉस्टैल्जिया’ का असली उद्देश्य एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करना है जहाँ पुराने और नए छात्र एक साथ बैठ सकें। पूर्व छात्र जहाँ अपने करियर के उतार-चढ़ाव और संघर्ष के दिनों की यादें साझा करेंगे, वहीं वर्तमान छात्र उनसे इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों और जरूरी स्किल्स के बारे में सीधे संवाद कर सकेंगे। यह तालमेल आने वाले समय में छात्रों के प्लेसमेंट और करियर ग्रोथ के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पूर्व छात्रों की कंपनियों ने ही संभाला प्रायोजन का जिम्मा
इस आयोजन की एक और बड़ी खूबी यह है कि यह पूरी तरह से विभाग के पूर्व छात्रों की कंपनियों द्वारा ही प्रायोजित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के प्रति अपने लगाव और कृतज्ञता को दर्शाते हुए बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के पूर्व छात्र आशीष सिंह की कंपनी AR Fenestrations व एमबीए के पूर्व छात्र श्रीरवि भूषण की कंपनी बुकिंग जंक्शन ने इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए अपना सहयोग प्रदान किया है। यह इस बात का प्रमाण है कि छात्र अपनी जड़ों से आज भी जुड़े हुए हैं।

सात समंदर पार से भी आएंगे दिग्गज, जुटेंगे 250 से ज्यादा लोग
यूनिवर्सिटी कैंपस एलुमनाई एसोसिएशन के निदेशक डॉ. विवेक सिंह सचान ने बताया कि इस बार के आयोजन को लेकर देश-विदेश में बसे पूर्व छात्रों के बीच जबरदस्त उत्साह है। अनुमान है कि देश के कोने-कोने के साथ-साथ विदेशों में सेटल हो चुके करीब 250 से अधिक पूर्व छात्र इस सम्मेलन में शामिल होंगे। डॉ. सचान का मानना है कि यह आयोजन केवल पुराने संबंधों को जीवित करने का मौका नहीं है, बल्कि यह संस्थान और उसके पूर्व छात्रों के बीच एक मजबूत सेतु बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है।

सांस्कृतिक शाम और संवाद सत्र करेंगे मंत्रमुग्ध
पूरे कार्यक्रम को बेहद दिलचस्प तरीके से डिजाइन किया गया है, जिसमें विभिन्न संवाद सत्रों के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को न केवल पेशेवर चर्चा करने का मौका मिलेगा, बल्कि वे एक बार फिर अपनी यूनिवर्सिटी की पुरानी यादों को ताज़ा कर एक यादगार अनुभव लेकर जाएंगे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *