कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित कानपुर क्रिकेट लीग (संडे लीग-8) का फाइनल मुकाबला पटेल प्रॉपर्टीज ने जीत लिया है। राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए दिन-रात्रि मैच में पटेल प्रॉपर्टीज ने ब्लू वॉरियर्स को 3 विकेट से हराया। इस रोमांचक जीत में सुशील कुमार राय और अंकुल जैन ने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लू वॉरियर्स ने निर्धारित 30 ओवर में 8 विकेट खोकर 217 रन बनाए। टीम की ओर से इंद्र भूषण साहू ने 42 रन, प्रसून दोसर ने 38 रन, मनिंदर सिंह ने 36 रन और दिनेश यादव ने नाबाद 39 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। पटेल प्रॉपर्टीज के लिए अंकुल जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 34 रन देकर 4 विकेट झटके। सुशील कुमार राय ने भी 38 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। 218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटेल प्रॉपर्टीज की शुरुआत अच्छी रही। अंकुल जैन ने 24 रन और आशीष बाजपेई ने 22 रन बनाकर टीम को शुरुआती मजबूती दी। हालांकि, मैच के असली नायक सुशील कुमार राय रहे, जिन्होंने नाबाद 86 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उनकी पारी की बदौलत पटेल प्रॉपर्टीज ने 29वें ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाकर खिताब अपने नाम किया। ब्लू वॉरियर्स की ओर से मनिंदर सिंह ने 22 रन देकर 3 विकेट और राम सिंह ने 50 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं रहा। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सुशील कुमार राय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंकुल जैन ने भी 24 रन बनाने के साथ 4 विकेट लेकर फाइनल में अपनी छाप छोड़ी। यह मुकाबला आखिरी ओवरों तक रोमांचक बना रहा।

Leave a Reply