मेरठ में आश्रयहीनों को शीतलहर से बचाने के लिए एक निशुल्क वाहन सेवा का शुभारंभ किया गया है। यह पहल दीनदयाल उपाध्याय–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डीएवाई–एनयूएलएम) के तहत संचालित आश्रय गृहों तक जरूरतमंदों को पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। इस सेवा का विधिवत शुभारंभ टाऊनहाल घण्टाघर, मेरठ से नगर आयुक्त श्री सौरव गंगवार (आईएएस), राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सरबजीत सिंह कपूर, ठाकुर कृष्ण कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी पंकज कुमार और तस्वीर सिंह चपराना ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस निशुल्क वाहन सेवा का मुख्य उद्देश्य ठंड के मौसम में फुटपाथों पर जीवन यापन कर रहे लोगों को सुरक्षित रूप से मंगतपुरा (दिल्ली रोड) और शंकर नगर फेज–2, बराल परतापुर स्थित आश्रय गृहों तक पहुंचाना है। इसका लक्ष्य किसी भी प्रकार की ठंडजनित दुर्घटना को रोकना और जरूरतमंदों को सुरक्षित तथा गरिमापूर्ण रात्रि विश्राम उपलब्ध कराना है। यह पहल न केवल सामाजिक संवेदनशीलता का प्रतीक है, बल्कि समाज के कमजोर वर्ग के प्रति प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त जिम्मेदारी को भी दर्शाती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सरबजीत सिंह कपूर ने की। नगर आयुक्त सौरव गंगवार ने आश्रयगृह संचालन संस्था विश्व विकास संकल्प संस्थान की इस पहल को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक एवं प्रेरणादायक बताया। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में ठाकुर कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि यह निःशुल्क वाहन सेवा आश्रयहीनों के लिए वरदान साबित होगी। इस अवसर पर प्रोफेसर देवेश शर्मा, गुलबीर पूर्व पार्षद, मुनीष पटेल, डॉ. अशोक कुमार, प्रधानाचार्य संजीव नागर, कर्मवीर सिंह प्रधान, जयचंद मुखिया, डॉ. विपिन त्यागी, मोहनलाल पटेल, पूर्व पार्षद सुरेंद्र भड़ाना, अंशिका और गौतम प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री तस्वीर सिंह चपराना द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया।
https://ift.tt/pGjHMtY
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply