घने कोहरे के चलते मेरठ से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। प्रयागराज, लखनऊ और जम्मू से आने-जाने वाली कई ट्रेनें शनिवार को घंटों की देरी से मेरठ पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रयागराज से मेरठ आने वाली संगम एक्सप्रेस का मेरठ सिटी स्टेशन पर निर्धारित आगमन समय सुबह 6:25 बजे था, लेकिन यह ट्रेन करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से सुबह 10:15 बजे पहुंची। इसी तरह नौचंदी एक्सप्रेस, जो सुबह 8:20 बजे मेरठ सिटी पहुंचनी थी, कोहरे के कारण दोपहर 12:08 बजे स्टेशन पर पहुंची। लखनऊ से मेरठ आने वाली मेरठ नगर राज्यरानी एक्सप्रेस भी तय समय सुबह 10:35 बजे की बजाय रात 1:51 बजे मेरठ सिटी स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन में भी करीब साढ़े तीन घंटे की देरी दर्ज की गई। इसके अलावा दिल्ली से अंबाला कैंट जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस मेरठ सिटी स्टेशन पर शाम 3:58 बजे की जगह 5:34 बजे पहुंची। वहीं दिल्ली से मेरठ आने वाली मेरठ छावनी पैसेंजर ट्रेन लगभग एक घंटे की देरी से चली। जम्मू से मेरठ होते हुए दिल्ली जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस का मेरठ सिटी स्टेशन पर आगमन सुबह 9 बजे होना था, लेकिन यह ट्रेन भी कोहरे की वजह से सुबह 11:25 बजे पहुंची। लगातार ट्रेनों के लेट होने से स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। यात्रियों ने कोहरे के कारण बार-बार समय बदलने से असुविधा होने की बात कही। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
https://ift.tt/uCgZ1zc
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply