DniNews.Live

ट्रेन यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाला गैंग पकड़ाया:डंडा मारकर गिराते थे फोन, 2 गिरफ्तार

मिर्जापुर में कटरा कोतवाली पुलिस ने ट्रेन यात्रियों से मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे अपराधी विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कटरा कोतवाली पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग रेलवे लाइन के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों के यात्रियों को निशाना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजाराम सोनकर पुत्र भागीरथी सोनकर निवासी काजीतालाब जंगी रोड, थाना कोतवाली कटरा, और दिलीप कुमार केवट पुत्र राजकुमार केवट निवासी ककरहवां, थाना कोतवाली कटरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना तरीका बताया। वे रेलवे लाइन के किनारे खड़े होकर ट्रेनों की खिड़की या गेट के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाते थे। जैसे ही कोई यात्री मोबाइल पर बात करता या उसे इस्तेमाल करता दिखता, वे डंडे से मारकर मोबाइल गिरा देते थे और तुरंत उठाकर फरार हो जाते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन को वे राहगीरों को सस्ते दामों में बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजाराम सोनकर पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वैद्यनाथ सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रभान सिंह, उपनिरीक्षक विनोद शास्त्री सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *