गयाजी में जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर संगठनात्मक असंतोष एक बार फिर सामने आया है। जिले में पार्टी दो गुटों में बंटी हुई दिख रही है। इसी क्रम में जदयू के प्रदेश सचिव डॉ. चंदन यादव ने शनिवार को चंदौती मोड़ अशोक नगर में एक प्रेस वार्ता की। उन्होंने मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को पत्र लिखकर संगठन में पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा का गंभीर आरोप लगाया है। डॉ. चंदन यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पिछले 20 से 25 वर्षों से पार्टी और मुख्यमंत्री की नीतियों से जुड़े समर्पित कार्यकर्ताओं को हाशिए पर रखा जा रहा है। इसके विपरीत, हाल ही में पार्टी में शामिल हुए लोगों को महत्वपूर्ण पद और सम्मान दिए जा रहे हैं। इस स्थिति से जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है, जिससे संगठन कमजोर हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी मुख्यालय में बैठे कुछ पदाधिकारी, जो एक साथ सरकार और संगठन में कई पदों पर काबिज हैं, केवल अपने नजदीकी लोगों को ही तरजीह दे रहे हैं। पहले के एक सम्मान समारोह का किया जिक्र प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह का जिक्र करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि कई प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों को न तो आमंत्रित किया गया और न ही सम्मानित किया गया। इसके बजाय, चुनिंदा लोगों को बुलाकर मंच दिया गया। डॉ. यादव ने गया में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान बैठक को भी अव्यवस्थित बताया। उन्होंने कहा कि वहां प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं थी। पंचायत अध्यक्ष से लेकर प्रखंड स्तर की कमेटियों को बैठक की सूचना तक नहीं दी गई, और जो कार्यकर्ता पहुंचे, उन्हें भी सम्मानजनक स्थान नहीं मिल सका। दूसरे दलों का प्रचार करने वालों को पार्टी में शामिल किया पत्र में यह आरोप भी लगाया गया है कि चुनाव के दौरान दूसरे दलों का प्रचार करने वाले कुछ लोगों को बाद में साक्ष्य छिपाकर पार्टी में शामिल कर लिया गया। उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जबकि वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई। डॉ. यादव ने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या 25-30 वर्षों तक पार्टी से जुड़े रहना और पद की लालसा न रखना अब अपराध बन गया है। डॉ. चन्दन यादव ने गया जिला संगठन से जुड़ा एक और गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष के खिलाफ महिला पदाधिकारी समेत कई महिला नेताओं ने अपमान का मामला पार्टी मुख्यालय तक पहुंचाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर संगठन में व्याप्त असंतोष को दूर करने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाने की मांग की है।
https://ift.tt/YEL6D7S
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply