जौनपुर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। इनमें राशन कार्डों में आधार सीडिंग की प्रगति, पात्रता सूची में नए लाभार्थियों की स्थिति, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक खाद्यान्न वितरण की स्थिति शामिल थी। इसके अतिरिक्त, विभागीय अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण, प्रवर्तन कार्य, निलंबित या रिक्त उचित दर दुकानों की स्थिति, आईजीआरएस/जनसुनवाई की प्रगति और सिंगल स्टेज डिलीवरी प्रणाली के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जनपद में रिक्त चल रही उचित दर दुकानों के चयन के संबंध में संबंधित उपजिलाधिकारियों को पत्र भेजकर शीघ्र आवंटन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
साथ ही, रसोई गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, अनियमितता और अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, गैस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक, उचित दर विक्रेता संघ के पदाधिकारी और सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार/प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply