DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

गाजीपुर में बसपा ने नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया:अखिलेश यादव के PDA को छलावा बताया, सपा को परिवारवादी पार्टी कहा

गाजीपुर में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने रमेश सिंह कुशवाहा को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बसपा कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 2027 में प्रदेश में बसपा की सरकार बनने का दावा किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों की आलोचना की गई। बसपा मंडल प्रभारी विनोद बागड़ी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) केवल एक छलावा है। बागड़ी ने सपा को परिवारवादी पार्टी बताते हुए कहा कि इसमें आम कार्यकर्ताओं के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है और इसका लाभ 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलेगा। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष रमेश सिंह कुशवाहा ने अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि इस बार बसपा हर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करेगी। कुशवाहा ने यह भी दोहराया कि बसपा का प्रत्येक कार्यकर्ता मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और बसपा नेता डॉ. उमेश कुमार सिंह ने रमेश सिंह कुशवाहा को बसपा का पुराना और मजबूत कैडर बताया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम करती है और कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। डॉ. उमेश सिंह ने मौजूदा भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, युवाओं को रोजगार के वादे पूरे न करने और शिक्षक भर्ती में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने शिक्षा मित्रों की जगह नई भर्तियां न होने पर भी सरकार की आलोचना की। डॉ. उमेश सिंह ने भाजपा में अंदरूनी खींचतान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में राजपूत विधायकों की अलग बैठकें और ब्राह्मण विधायकों की अलग बैठकें भाजपा के भीतर की फूट को दर्शाती हैं। जमानियां विधानसभा के पूर्व बसपा प्रत्याशी परवेज खान ने रमेश सिंह कुशवाहा को जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा बहन जी की सोच सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाली है। रमेश कुशवाहा जी पुराने और जमीनी कार्यकर्ता हैं, उनकी अध्यक्षता में संगठन और मजबूत होगा। घोसी सांसद रहे अतुल राय की दावेदारी पर परवेज खान ने कहा कि “वह हमारे भाई और साथी हैं। पार्टी जिसे टिकट देगी, हम सभी एकजुट होकर दमदारी से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार सपा और भाजपा के सभी दावे फेल होंगे और बसपा प्रदेश में सरकार बनाकर बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाएगी। बता दें कि बसपा के नए जिलाध्यक्ष की ताजपोशी के साथ ही गाजीपुर की राजनीति में नया सियासी संदेश गया है। पार्टी नेताओं के आक्रामक तेवर और 2027 को लेकर किए गए दावे आने वाले समय में राजनीतिक मुकाबले को और रोचक बना सकते हैं।


https://ift.tt/O7E4IpT

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *