बलिया में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन का द्विवार्षिक चुनाव बापू भवन टाउन हॉल में संपन्न हुआ। इस चुनाव में अशोक कुमार सिंह को अध्यक्ष और शैलेंद्र कुमार पांडे को मंत्री चुना गया है। चुनाव का आयोजन प्रांतीय पर्यवेक्षक उमेश चंद्र मिश्रा (डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष), चुनाव अधिकारी शंकर पटेल (फार्मेसी काउंसिल सदस्य) और मंडलीय सचिव विवेक कुमार सिंह की देखरेख में हुआ। अध्यक्ष पद पर अशोक कुमार सिंह को 86 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मलय कुमार पांडे को 26 मत प्राप्त हुए। अशोक कुमार सिंह 60 मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर जावेद अख्तर ने 77 मत प्राप्त कर शिल्पी यादव (25 मत) को 52 मतों से पराजित किया। मंत्री पद पर शैलेंद्र कुमार पांडे को 83 मत मिले, जबकि प्रदीप पाठक को 23 मत प्राप्त हुए। शैलेंद्र कुमार पांडे 60 मतों के अंतर से निर्वाचित हुए। संयुक्त मंत्री पद पर प्रवीण कुमार त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष पद पर सतीश वर्मा, संगठन मंत्री पद पर पवन राय और संप्रेक्षक पद पर अमरनाथ पांडे निर्विरोध चुने गए। इस अधिवेशन में 12 सेवानिवृत्त फार्मासिस्टों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आजमगढ़ मंडल के मंडलीय सचिव विवेक सिंह ने किया।

Leave a Reply