उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) 2024 के परिणामों में अमेठी जिले के अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिले के कुल 11 उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों पर सफलता हासिल की है। इनमें संग्रामपुर थाना क्षेत्र के डेहरा गांव निवासी आयुष ने शीर्ष दस में स्थान बनाते हुए दसवीं रैंक के साथ डिप्टी कलेक्टर का पद प्राप्त किया है। चयनित होने वाले अन्य अभ्यर्थियों में अविनाश मिश्रा, स्नेहा शुक्ला और दिशा नायब तहसीलदार बनी हैं। मानसी सिंह और रजनीश विक्रम को डिप्टी जेलर के पद पर सफलता मिली है। आशीष शुक्ला, प्रीति मिश्रा और अर्पित सिंह कमर्शियल टैक्स ऑफिसर के रूप में चयनित हुए हैं, जबकि अनुराधा सिंह असिस्टेंट कमिश्नर कमर्शियल टैक्स और सुधांशु ट्रेजरी ऑफिसर बने हैं। आयुष की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का संघर्ष रहा है। उनके पिता छोटेलाल भी पीसीएस अधिकारी थे, जिनका लगभग 15 साल पहले एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। उस समय आयुष काफी छोटे थे। पिता के निधन के बाद उनकी मां, जो पेशे से शिक्षिका हैं, ने अकेले ही आयुष की परवरिश की और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। सीमित संसाधनों के बावजूद आयुष ने कभी हार नहीं मानी। इससे पहले दो बार असफलता का सामना करने के बावजूद उन्होंने अपने प्रयास जारी रखे। अपनी इस उपलब्धि के बाद आयुष अब एसडीएम के रूप में समाज की सेवा करना चाहते हैं।

Leave a Reply