सिद्धार्थनगर में मूर्तियों की खरीद के लिए उमड़ी भीड़:सनई चौराहे पर लगा जाम, ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन से हुआ भक्तिमय माहौल

सिद्धार्थनगर में नवरात्र का आगाज भक्तिमय माहौल के साथ हुआ। बांसी, इटवा, डुमरियागंज, बढ़नी और शोहरतगढ़ से श्रद्धालु मां दुर्गा की मूर्तियां लेने जिला मुख्यालय पहुंचे। दिनभर ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन से माहौल भक्तिमय रहा। चारों ओर जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे। सिद्धार्थनगर के सनई चौराहे पर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही जमा थी। शाम 5:30 बजे भीड़ और बढ़ गई। मूर्तियां ले जाने के लिए बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंचे। सनई-शोहरतगढ़ मार्ग पर करीब 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थीं। श्रद्धालुओं और वाहनों की भीड़ से सनई-शोहरतगढ़ मार्ग पर जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें दोनों ओर लग गईं। मौके पर कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। श्रद्धालु खुद ही रास्ता साफ करने का प्रयास करते रहे। भीड़ अधिक होने से स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सकी। कई लोग और वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। जाम की परेशानी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। मूर्तियों को ले जाते समय भक्तों ने ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर नृत्य किया। हर उम्र के लोग इस धार्मिक माहौल में शामिल हुए।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर