DniNews.Live

संभल में एम्स स्थापना की मांग:आजाद अधिकार सेना पार्टी ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा

संभल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर आजाद अधिकार सेना पार्टी ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार दीपक जुरेल को दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने वर्ष 2026 के बजट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स (AIIMS) की स्थापना के प्रावधान का हवाला देते हुए संभल में ही अस्पताल स्थापित करने की मांग उठाई। पार्टी के प्रदेश महासचिव खिजर गौस ने बताया कि संभल जनपद आर्थिक रूप से पिछड़ा क्षेत्र है, जहां की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है और कमजोर आय वर्ग से संबंधित है। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय है। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को दिल्ली या लखनऊ का रुख करना पड़ता है, जिससे लंबी दूरी और संसाधनों की कमी के कारण कई बार मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। खिजर गौस ने मांग की कि सरकार 2026 के बजट में स्वीकृत एम्स परियोजना के तहत संभल में भूमि चिन्हित कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करे। इससे स्थानीय लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मंडल अध्यक्ष जरीफ अहमद ने कहा कि संभल में एम्स की स्थापना से न केवल जिले बल्कि आसपास के बिजनौर, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा जैसे लाखों लोगों को भी लाभ मिलेगा। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आपात स्थिति में समय पर इलाज संभव हो सकेगा। आजाद अधिकार सेना के कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। ज्ञापन सौंपने के दौरान पराग गुप्ता, डॉ. शाहनवाज़, सलीम सलमानी, राजकुमार, जुनैद, दीपक कुमार, फैजान खान, देवा, दिलशाद और समीर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *