गोरखपुर में 14 अप्रैल को होने वाली बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती को लेकर हलचल तेज हो गई है। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों की तैयारी शुरू हो गई है। इसी बीच भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने शहर में लगी अम्बेडकर प्रतिमाओं की स्थिति सुधारने का मुद्दा उठाया है। सोमवार को महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल से मिला। इस दौरान उन्हें ज्ञापन सौंपकर जयंती से पहले जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की गई। साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था पर जोर
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जयंती के दिन बड़ी संख्या में लोग प्रतिमाओं पर पहुंचते हैं और श्रद्धांजलि देते हैं। ऐसे में सभी स्थानों पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, रोशनी और नियमित देखभाल की व्यवस्था होना जरूरी है, ताकि कार्यक्रम ठीक से हो सकें और माहौल व्यवस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम से अपील की कि सभी चिन्हित स्थानों पर समय रहते काम पूरा करा लिया जाए। उनका कहना था कि पहले से तैयारी होने पर लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और कार्यक्रम भी बेहतर तरीके से संपन्न होंगे। इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
ज्ञापन देने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग मझवार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमृतलाल भारती, महानगर उपाध्यक्ष अखिलेश आर्या और अनिल कनौजिया, महानगर मीडिया प्रभारी इंजीनियर बृजमोहन, रिंकू भारती, अजय गौतम, बृजेश चंद्रा, शीतल चौहान, राहुल कुमार और सिद्धार्थ गौतम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply