आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा से सपा विधायक डॉ. संग्राम यादव का कहना है कि लोकतंत्र में जनता ही अंतिम निर्णायक होती है और वही उनके कामकाज का मूल्यांकन करेगी। तीसरी बार विधायक बने संग्राम यादव ने अपने कार्यकाल में नाली, इंटरलॉकिंग और सड़क निर्माण जैसे कामों को प्रमुखता दी है। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपने चार साल के कार्यकाल, उपलब्धियों, अधूरे कामों और 2027 के चुनाव को लेकर खुलकर बात की। पढ़िए… बातचीत के प्रमुख अंश सवाल: पिछले 4 वर्ष के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: भारत का लोकतंत्र हर पांच साल में परीक्षा से गुजरता है और उसकी कॉपी जांचने का काम जनता करती है। मैंने पूरी मेहनत से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास किया है। अब नंबर देना जनता का काम है। जनता का निर्णय ही मेरे लिए सर्वोपरि है। सवाल: पिछले 4 वर्षों में सबसे बड़ा काम जो आपने कराया हो? जवाब: 2012 से 2017 के बीच जब अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार थी, तब अतरौलिया में 200 बेड का अस्पताल, राजकीय महिला महाविद्यालय और किसानों के लिए मंडी का निर्माण कराया गया। वर्तमान कार्यकाल में नाले, नालियों और इंटरलॉकिंग का लगातार निर्माण कराया जा रहा है। आजमगढ़ के कप्तानगंज-अहिरौला मार्ग की हालत लंबे समय से खराब थी। इसको लेकर सदन में मुद्दा उठाया और लगातार प्रयास किया। अब यह करीब 21 किलोमीटर सड़क बननी शुरू हो गई है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सवाल: ऐसा कौन सा काम जिसे आप नहीं करा पाए हैं? जवाब: अभी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की जरूरत है। कोरोना के बाद लोगों में हृदय, किडनी और अन्य बीमारियां बढ़ी हैं। ऐसे में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाना जरूरी है। अतरौलिया के 200 बेड अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर बनवाने की योजना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए लखनऊ न जाना पड़े और सभी सुविधाएं क्षेत्र में ही मिल सकें। सवाल: आपकी विधानसभा में अन्य दलों की सक्रियता को आप कैसे देखते हैं? जवाब: लोकतंत्र में सभी दलों की सक्रियता स्वाभाविक है। लेकिन सरकार का काम केवल बयान देना नहीं, बल्कि काम करना होता है। जनता के बीच रहकर काम करने से ही भरोसा बनता है। जो लोग समाज के लिए काम नहीं कर पाए, वे अब भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। जनता सब समझती है और समय आने पर जवाब देती है। सवाल: क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार हैं? जवाब: हमारे परिवार का समाजवादी विचारधारा से पुराना रिश्ता रहा है। मुलायम सिंह यादव और बाबूजी बलराम यादव के साथ यह जुड़ाव रहा है। अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आशीर्वाद और जनता का समर्थन मिला, तो 2027 के लिए हम तैयार हैं। प्रदेश में बदलाव की लहर दिख रही है और अतरौलिया की जनता इसमें बड़ी भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply