मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर एक ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बागोवाली चौकी के पास गणपति ढाबा के नजदीक हुई। टक्कर के बाद युवक-युवती सड़क पर गिर गए, लेकिन वे ट्रक के नीचे आने से बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि गिरते समय उन्होंने अपने पैर पीछे खींच लिए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। हालांकि, वह नियंत्रण खो बैठा और आगे जाकर कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया इस दौरान बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्कॉर्पियो और ऑल्टो कार सहित अन्य वाहन भी बुरी तरह टूट गए। युवक को मामूली चोटें आईं, जबकि युवती सुरक्षित बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भाग रहे ट्रक चालक को पकड़ लिया। कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी की, जिसके बाद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। यह हादसा बीते मंगलवार को हुआ था, जबकि इसका सीसीटीवी फुटेज आज सोमवार को सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद ओवरलोड वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply