मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख दलवीर सिंह यादव का शुक्रवार शाम निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही मैनपुरी की राजनीति और उनके पैतृक गांव जमलापुर में शोक है। दलवीर सिंह यादव को समाजवादी पार्टी के मजबूत स्तंभों में गिना जाता था। वे सपा संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के करीबी नेताओं में शामिल थे। संगठन में उनकी गहरी पकड़ और जमीनी राजनीति के चलते क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वे कुरावली ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख रह चुके थे। इसके अलावा वर्ष 2017 में वे अपने पैतृक गांव जमलापुर से ग्राम प्रधान भी निर्वाचित हुए थे। जनसेवा, सादगी और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा के कारण वे जनता के बीच लोकप्रिय और भरोसेमंद नेता माने जाते थे। उनके निधन को समाजवादी पार्टी और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके आवास पर समर्थकों, ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी हुई है। हर कोई इस अचानक हुई घटना से स्तब्ध है। दलवीर सिंह यादव की अंत्येष्टि शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव जमलापुर में की जाएगी। अंतिम दर्शन के लिए आसपास के जिलों से भी समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। उनका निधन क्षेत्रीय राजनीति में उस दौर का अंत माना जा रहा है, जो सादगी, संघर्ष और जनसेवा के लिए जाना जाता था।
https://ift.tt/jEtp2nS
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply