DniNews.Live

मेरठ में पुरानी रंजिश में घर पर हमला:पथराव में युवती समेत दो लोग घायल, एसएसपी से शिकायत

मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि दर्जनों लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से घर पर हमला बोला, जिसमें एक युवती सहित दो लोग घायल हो गए। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल युवती के पिता ने सोमवार को एसएसपी से हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने और उल्टे उन पर ही एफआईआर दर्ज करने का आरोप लगाया है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के शिव हरी मंदिर के पास रहने वाले भूपेंद्र कुमार ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि 22 मार्च की शाम करीब 5 बजे उनके घर पर पास के ही राजपाल ने अपने साथियों के साथ पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। भूपेंद्र के अनुसार, कुछ ही देर में 50-60 लोग लाठी-डंडों और अन्य हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए और घर पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में भूपेंद्र और उनकी बहन रिया गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रिया का इलाज अभी भी जारी है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान घर में भी तोड़फोड़ और पथराव किया गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बजाय, पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर ही कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली, जिससे परिवार में आक्रोश है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच, हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, झूठे मुकदमे को रद्द करने और दोषियों पर कड़ी धाराओं में केस दर्ज करने की गुहार लगाई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *