कन्नौज के एक युवक की कर्नाटक के मैसूर में गुब्बारा गैस सिलेंडर फटने से मौत हो गई। यह घटना गुरुवार रात हुई, जिसमें चार अन्य लोग घायल हो गए। कर्नाटक पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। मृतक की पहचान ठठिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करौदा शाहनगर के शुक्लनपुरवा निवासी 40 वर्षीय सलीम पुत्र कमरूद्दीन के रूप में हुई है। सलीम लगभग एक माह पहले अपने परिवार को छोड़कर गुब्बारा बेचने का काम करने के लिए कर्नाटक गए थे। घटना गुरुवार रात क्रिसमस के दिन करीब 8 बजे एक चर्च के पास हुई। सलीम गुब्बारे बेचते समय उनमें गैस भर रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। इस हादसे में सलीम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को के. आर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कर्नाटक की स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस की जानकारी के अनुसार, विक्रेता सोडियम हाइड्रॉक्साइड का उपयोग कर रहा था। सलीम की मौत की खबर से उनके पैतृक गांव शुक्लनपुरवा में दी जहां कोहराम मच गया। उनकी बेटी निशा (17), पुत्र साहिल (12), छोटी बेटी मानवी (9), पत्नी महरोज और बूढ़ी मां इदरीशन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर ठठिया थाना प्रभारी देवेश कुमार पुलिस टीम के साथ शुक्लनपुरवा गांव पहुंचे और परिजनों से जानकारी जुटाई। सूत्रों के अनुसार, इंटेलिजेंस ब्यूरो (खुफिया विभाग) की टीम भी मृतक सलीम के गांव पहुंची और गोपनीय रूप से जानकारी एकत्रित की। हालांकि, थाना प्रभारी देवेश कुमार ने खुफिया विभाग के आने की जानकारी से इनकार किया।
https://ift.tt/A4xK7nM
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply