संतकबीरनगर: जनपद संतकबीरनगर की महुली पुलिस ने एक लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को अवैध हथियार और लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने घटना का विवरण साझा किया। यह घटना सोमवार सुबह हुई थी, जब ग्राम रजनौली निवासी दानिश पुत्र अजीजुल्लाह, जो धनघटा के एक मुर्गी फार्म में कार्यरत हैं, बाइक से घर लौट रहे थे। भगौतीपुर पुलिया के पास एक अज्ञात बदमाश ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोका और उनका बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में बाट-माप मशीन, मोबाइल चार्जर और कुछ महत्वपूर्ण रसीदें थीं। घटना की सूचना मिलते ही महुली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मुकदमा संख्या 110/26 दर्ज कर जांच शुरू की। महुली थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अगया उर्फ सिदाही मोड़ के पास से आरोपी गुलशन गौतम (निवासी भगौतीपुर) को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक अवैध .12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और लूटा गया काला बैग बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी गुलशन गौतम ने स्वीकार किया कि वह काफी समय से पीड़ित दानिश की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और पैसों के लालच में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) BNS और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

Leave a Reply