फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र तथा स्मार्टफोन वितरित किए गए। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य और विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर भी उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। जनपद स्तर पर चयनित 7 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 476 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, पूर्व से कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। कुल 239 स्मार्टफोन पात्र लाभार्थियों को दिए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को कार्य में सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनका उपयोग पोषण ट्रैकर ऐप पर डेटा फीडिंग और रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए किया जाएगा। इसी क्रम में, वित्तीय वर्ष 2024-25 में निर्मित 14 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश स्तर पर किया गया। साथ ही, जनपद की बाल विकास परियोजना बढ़पुर के ग्राम जसमई में एक नए आंगनबाड़ी केंद्र भवन का शिलान्यास भी किया गया। निर्देशानुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 तक शत-प्रतिशत राज्य पोषित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कराया जाना है। लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है, जिसकी प्रति आंगनबाड़ी केंद्र भवन अनुमानित लागत ₹30.22 लाख है। निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए कार्यदायी संस्था को प्रथम किश्त के रूप में ₹10,14,391 की धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। कार्यक्रम में संबंधित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply