DniNews.Live

बाराबंकी में अनियंत्रित इलेक्ट्रिक कार ने शिक्षिका को मारी टक्कर:हादसे में एक युवक भी घायल, पुलिस ने चालक को पकड़ा

बाराबंकी शहर में सोमवार दोपहर गांधी आश्रम के पास एक अनियंत्रित इलेक्ट्रिक कार ने स्कूटी सवार शिक्षिका को टक्कर मार दी। इस हादसे में शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक अन्य युवक भी चोटिल हुआ है। देवा रोड स्थित ग्लोबल स्कूल की 33 वर्षीय शिक्षिका निशा सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक काफी दूर से ही तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। बताया गया है कि शिक्षिका को टक्कर मारने से पहले इसी कार ने एक बाइक सवार युवक को भी टक्कर मारी थी, जिससे वह भी घायल हो गया। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर मौजूद एक रिक्शा चालक ने बताया कि हादसे के वक्त कई लोग वीडियो बनाने में व्यस्त थे। उन्होंने ही घायल शिक्षिका को कार के नीचे से निकाला और अपने ऑटो रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना के बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया है। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *