शाहजहांपुर में नवागत नगर आयुक्त सौम्या गुरूरानी ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने अपनी पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना बताया। इस दौरान निवर्तमान नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा भी मौजूद रहे, जिन्होंने सौम्या गुरूरानी का स्वागत किया। डॉ. विपिन मिश्रा का तबादला 22 मार्च को शहीदों की प्रतिमाएं जेसीबी से गिराए जाने के सात दिन बाद रविवार की शाम हुआ था। इस घटना के बाद पहले जेई और एई को निलंबित किया गया, फिर संबंधित फर्म फ्लाई इंफाटेक पर एफआईआर दर्ज कर उसे ब्लैकलिस्ट किया गया। घटना के सात दिन बाद रविवार को डॉ. मिश्रा का तबादला उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अपर निबंध निदेशक के पद पर कर दिया गया था।
आईएएस सौम्या गुरूरानी को डॉ. मिश्रा के स्थान पर शाहजहांपुर का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि इससे पहले वह हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज में जॉइंट मजिस्ट्रेट और मेरठ में अंडर ट्रेनिंग रही हैं। गुरूरानी ने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही, शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उनका लक्ष्य नगर निगम प्रशासन की छवि को बेहतर बनाना और जनता का विश्वास बनाए रखना है।

Leave a Reply