DniNews.Live

डस्टबिन में मिला था जुड़वां बच्चों का शव,आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार:बलिया के पूर्वांचल अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत का मामला

बलिया के बहुचर्चित पूर्वांचल अस्पताल में प्रसूता और जुड़वां बच्चियों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी चिकित्सक आदित्य सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से वह फरार चल रहे थे।

बीते 14 मार्च को महिला अस्पताल रोड स्थित पूर्वांचल अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक प्रसूता और उसकी जुड़वां बच्चियों की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पति सोनू यादव की तहरीर पर पुलिस ने ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर आदित्य सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया, जहां जांच के बाद उसे कोतवाली लाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। मृतका रिंकू यादव (28), जो दुबहड़ थाना क्षेत्र के रामपुर बोहा गांव की निवासी थीं, का यह दूसरा प्रसव था। परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय पूर्वांचल अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के लिए 65 हजार रुपए जमा कराए गए। परिजनों ने अस्पताल में किया था हंगामा परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों को पहले ही मरीज की गंभीर स्थिति, विशेषकर कम रक्तचाप की जानकारी दी गई थी, इसके बावजूद ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद जन्मीं दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बाद में प्रसूता की हालत बिगड़ने पर उसे मऊ के एक अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। जब नवजातों के शव नहीं सौंपे गए तो परिजनों ने अस्पताल परिसर में तलाश की, जहां बाथरूम के डस्टबिन के पास दोनों बच्चियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया था और मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक क्षितिज त्रिपाठी ने बताया- आरोपी चिकित्सक को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *