फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने पिछले चार साल में अपने विकास कार्यों और जन समस्याओं के समाधान को लेकर खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अधिकांश समस्याएं हल हो चुकी हैं और कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हो रही हैं। उनसे हमने विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख विकास कार्यों, लंबित परियोजनाओं और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। दैनिक भास्कर रिपोर्टर से खास बातचीत में विधायक ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को आप 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: नंबर का मूल्यांकन जनता और पत्रकार कर सकते हैं। मेरी नजर में विधानसभा क्षेत्र में कोई बड़ी समस्या नहीं बची है। जो काम होने थे, वो या तो पूरे हो चुके हैं या चल रहे हैं। कमालगंज में गंगा जी का पुल, मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, आरटीओ दफ्तर मोहम्मदाबाद, मुड़गांव में खेल स्टेडियम, खिमशेपुर में नगर पंचायत और इंडस्ट्रियल एरिया का विकास इसके उदाहरण हैं। सवाल: सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया?
जवाब: श्रृंगी रामपुर में तीर्थ स्थल का विकास, गंगा जी पर पुल और दुर्गुपुर में पहला मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय। खिमशेपुर नगर पंचायत लगभग 50,000 आबादी को लाभ दे रही है। निसाई में बिजली पावर हाउस और इंडस्ट्रियल एरिया में बियर और प्लास्टिक फैक्ट्रियां लग रही हैं। भोजपुर में जनपद का पहला उत्सव भवन भी बन रहा है, जिसकी लागत लगभग 1.41 करोड़ है। सवाल: ऐसा कौन सा कार्य है जो आप अपनी विधानसभा क्षेत्र में नहीं कर पाए?
जवाब: कोई भी कार्य न कराने वाला नहीं है। केवल उधरनपुर–श्रृंगी रामपुर मार्ग प्रशासन में लंबित है, जिसकी स्वीकृति मार्च तक होने की उम्मीद है। अन्य सभी सड़क निर्माण कार्य पूरे या प्रस्तावित हैं। सवाल: इस बार क्या आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: टिकट नेतृत्व के मूल्यांकन पर मिलता है। मैंने लोगों के बीच रहकर जन समस्याओं को उठाया है, जिससे मुझे नेतृत्व का आशीर्वाद अवश्य मिलेगा। सवाल: जहानगंज को अलग ब्लॉक बनाने का मुद्दा?
जवाब: कमालगंज बाईपास और जहानगंज ब्लॉक दोनों आवश्यक हैं। कमालगंज ब्लॉक बड़ा होने के कारण सुपरविजन कठिन है। इसलिए जहानगंज में ब्लॉक बनना जरूरी है। जिला स्तर से प्रस्ताव शासन में लंबित है। सवाल: मोहम्मदाबाद क्षेत्र में आलू की फैक्ट्री के लिए मांग पर क्या कहेंगे?
जवाब: आलू की समस्या पूरे प्रदेश और देश की है। उत्पादकों को सही मूल्य नहीं मिल रहा। विधानसभा में यह मांग उठाई कि उन्हें सब्सिडी और कोल्ड स्टोरेज किराए में मदद दी जाए, ताकि लागत कम हो और मंडी में आर्थिक सहायता मिले। सवाल: श्रृंगी रामपुर का मार्ग निर्माण और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर क्या किया?
जवाब: अधिकांश सड़कें और मंदिरों का निर्माण हो चुका है। तीर्थ यात्रियों के लिए भवन और गेट बनाए गए हैं। लंबित मार्ग शासन स्तर पर मार्च तक स्वीकृत हो जाएंगे।

Leave a Reply