हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली अंतर्गत सोमवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गांव सिखेड़ा से खैरपुर जाने वाले मार्ग की है, जहां राहगीरों ने युवक को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, शिनाख्त के बाद पुलिस ने जैसे ही शव का पंचनामा करने की कोशिश की। तब परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। लिहाजा, पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। राहगीरों की सूचना पर जुटी भीड़ कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान के मुताबिक, सुबह के समय सड़क किनारे शव दिखाई देने पर राहगीरों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त खैरपुर खेराबाद निवासी प्रमोद के रूप में की गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से भी दूरी बनाई। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया कि पोस्टमार्टम से मौत के कारणों का पता चल सकेगा, लेकिन परिजन अपनी बात पर अड़े रहे। पुलिस को लौटना पड़ा खाली हाथ परिजनों के विरोध के चलते पुलिस को बिना पोस्टमार्टम कराए ही वापस लौटना पड़ा। इस कारण युवक की मौत के कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों पर बना रहस्य कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अगर इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम न होने के कारण जांच में कई पहलुओं पर संदेह बना हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू को खंगालने का प्रयास कर रही है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

Leave a Reply