शाहजहांपुर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के पदाधिकारियों ने सोमवार को पुवायां के राजीव चौक पर तहसीलदार का पुतला फूंका। किसानों का आरोप है कि चीनी मिलों द्वारा अभी तक गन्ने का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे वे आक्रोशित हैं। किसानों का कहना है कि गन्ने का भुगतान न होने के कारण उनके घरों में बेटियों की शादियां प्रभावित हो रही हैं। चीनी मिलें भुगतान के बजाय चीनी लेने का प्रस्ताव दे रही हैं, जिसे किसान अस्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या चीनी से बेटियों का शादियां की जाती हैं? भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी पिछले 14 दिनों से नवीन गल्ला मंडी में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। किसानों का आरोप है कि आला अधिकारियों ने उनसे बातचीत नहीं की, जबकि छोटे अधिकारियों से भी कोई समाधान नहीं निकल पाया। सोमवार को आक्रोशित किसानों ने रैली निकालकर राजीव चौक पर पुवायां तहसीलदार का पुतला दहन किया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने बताया कि 14 दिनों से धरने के बावजूद प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।उन्होंने गंगसरा के लोगों पर दर्ज फर्जी मुकदमे को भी वापस लेने की मांग की, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं और गन्ने का भुगतान नहीं हुआ, तो वे बहुत जल्द चक्काजाम करेंगे।

Leave a Reply