DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

अयोध्या में कोहरे और बादलों का असर:फसलों पर रोग का खतरा बढ़ा, यातायात भी प्रभावित

अयोध्या में पिछले एक सप्ताह से अयोध्या जिले में लगातार बादल छाए रहने और घने कोहरे के कारण ठंड और नमी में बढ़ोतरी हो गई है। इसका सीधा असर किसानों की फसलों पर पड़ रहा है। नमी अधिक रहने से फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है, जिससे किसान गहरी चिंता में हैं। गुरुवार की सुबह कुछ घंटों के लिए सूर्य देवता के दर्शन हुए, जिससे किसानों को राहत की उम्मीद जगी, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे 2.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं के कारण फिर से ठंड बढ़ गई। किसान बताते हैं कि इस समय गेहूं की बुआई के बाद पहली सिंचाई का समय है, लेकिन लगातार बादल छाए रहने से वे दुविधा में हैं। कुछ किसानों को बारिश की उम्मीद है, जबकि कई जागरूक किसान यूरिया खाद डालकर सिंचाई शुरू कर चुके हैं। अरहर और सरसों की फसलों में इस समय फूल आ रहे हैं, लेकिन धूप न मिलने के कारण नमी सूख नहीं पा रही है, जिससे पौधों के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। सब्जी उत्पादक किसानों के लिए भी मौसम परेशानी का कारण बना हुआ है। कोहरे के चलते आलू की फसल में कई स्थानों पर झुलसा रोग का प्रकोप दिखाई देने लगा है। वहीं टमाटर और फूलगोभी जैसी सब्जियों पर भी मौसम का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि बीच-बीच में धूप निकलती रहती, तो फसलों को इतना नुकसान नहीं होता। गेंदा, गुलाब और गुड़हल जैसे फूलों के साथ-साथ तुलसी और नीम जैसे पौधों को भी पाले और नमी से नुकसान की आशंका है। घने कोहरे का असर जिले के हवाई और रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कोहरे के कारण अयोध्या एयरपोर्ट पर आने वाली दो फ्लाइटें निर्धारित समय से देरी से पहुंचेंगी। वहीं अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आने वाली नौ ट्रेनें भी विलंब से चल रही हैं। लखनऊ इंटरसिटी करीब एक घंटे, कैफियत एक्सप्रेस लगभग चार घंटे और गंगा सतलुज एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे की देरी से चल रही है। यात्रियों को मौसम को देखते हुए यात्रा से पहले जानकारी लेने की सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल राहत के आसार कम हैं। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में भी शीतलहर और कोहरे का असर बना रहने की संभावना है। जानकारों ने किसानों को सलाह दी है कि संवेदनशील फसलों और नर्सरी के आसपास अलाव जलाकर पाले से बचाव करें।


https://ift.tt/pfwqIFN

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *