आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडे सोमवार को मैनपुरी के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर पहुंचे। सुबह करीब 9:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के साथ पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों की गहन जांच की गई और विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया गया। डीआईजी को पुलिस गार्ड द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय परिसर में पत्र व्यवहार शाखा, डीसीआरबी, महिला सहायता प्रकोष्ठ, अभियोजन शाखा और अपराध शाखा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया। आईजीआरएस, मानवाधिकार प्रकोष्ठ और वाचक कार्यालय में दस्तावेजों के रखरखाव और निस्तारण प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई। सुबह से दोपहर तक चले इस निरीक्षण में डीआईजी ने वर्ष भर में अपराध नियंत्रण की स्थिति, लंबित मामलों और पुलिस की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।दोपहर बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन में गार्ड की सलामी ली। इसके उपरांत सैनिक सम्मेलन और अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। सदर कोतवाली का निरीक्षण भी प्रस्तावित है, जहाँ कानून-व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
दौरे के दूसरे दिन, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे कुर्रा थाने का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान थाना स्तर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और अपराध नियंत्रण की स्थिति का गहनता से मूल्यांकन किया जाएगा। निरीक्षण कार्यक्रम 31 मार्च की शाम तक जारी रहेगा, जिसके बाद डीआईजी आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस पूरे दौरे को पुलिस व्यवस्था में सुधार लाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply