महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मेरठ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान 5.0 द्वितीय चरण के तहत विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया। सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीमों ने भीड़-भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी कर छेड़छाड़ करने वाले 4 मनचलों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के नेतृत्व में थाना परतापुर और ब्रह्मपुरी की मिशन शक्ति टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। ऑपरेशन पूरी तरह गोपनीय और योजनाबद्ध तरीके से चलाया गया, ताकि आरोपियों को मौके पर ही पकड़ा जा सके। डिकॉय ऑपरेशन के दौरान महिला पुलिसकर्मी और अन्य जवान आम लोगों की तरह बाजारों में मौजूद रहे। जैसे ही कुछ युवक महिलाओं पर छींटाकशी और अभद्र टिप्पणी करते मिले, टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जिसमे ऋषभ (सेक्टर-42, शताब्दीनगर) ,राहुल (सेक्टर-5, रेल बिहार) ,मुकुल (अच्छरौंडा मोड़) और कुणाल (इन्द्रापुरम कॉलोनी) शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। मेरठ पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस ने महिला सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी बताते हुए स्पष्ट संदेश दिया है की छेड़छाड़ पर सीधा प्रहार किया जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तुरंत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस तरह के डिकॉय ऑपरेशन आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके। डिकॉय ऑपरेशन मिशन शक्ति पुलिस टीम में उ0नि0 अनु कोलिस ,उ0नि0 प्रेमलता ,उ0नि0 नीलम कुंतल और उ0नि0 संध्या शामिल रहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि छेड़छाड़ या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या महिला हेल्पलाइन पर दें और सुरक्षित माहौल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply