DniNews.Live

गोंडा अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित:771 अभ्यर्थियों में से 221 अभ्यर्थी हुए सफल, 1 अप्रैल से 6 अप्रैल तक होगी काउंसलिंग

गोंडा जिले के मनकापुर सिसवा स्थित अटल आवासीय विद्यालय का प्रवेश परीक्षा 2026-27 का परिणाम आज सोमवार को घोषित कर दिया गया है। कक्षा-06 और कक्षा-09 में कुल 771 अभ्यर्थियों में से 221 सफल हुए हैं। इन सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 1 अप्रैल से 6 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। यह प्रवेश परीक्षा बीते 8 मार्च को जिले के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित की गई थी। इसमें देवी पाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जिलों से 771 बच्चों ने हिस्सा लिया था। ये सभी अभ्यर्थी श्रमिक परिवारों से हैं या ऐसे बच्चे हैं जिनके माता-पिता का कोविड काल में निधन हो गया था। काउंसलिंग अटल आवासीय विद्यालय, सिसवा, मनकापुर (गोंडा) परिसर में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। उपश्रमायुक्त द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कक्षा-06 के चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 1 और 2 अप्रैल 2026 को होगी, जबकि कक्षा-09 के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 4 और 6 अप्रैल 2026 को निर्धारित है। जारी परिणाम के अनुसार, कक्षा-06 में कुल 160 सीटों (80 बालक और 80 बालिका) के लिए 160 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं, कक्षा-09 में 61 सीटों (31 बालक और 30 बालिका) के सापेक्ष 61 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। चयनित अभ्यर्थियों की सूची श्रेणीवार जारी की गई है, जिसमें अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी शामिल हैं। उपश्रमायुक्त अनुभव वर्मा ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के समय सभी आवश्यक मूल अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे। अभिलेखों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर अभिलेखों में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित अभ्यर्थी का प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों और अभिभावकों से निर्धारित तिथियों पर समय से उपस्थित होने की अपील की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *