बुलंदशहर के हजरतपुर स्थित छत्रपति शिवाजी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर जूनियर वर्ग में वंशिका ने 93.5% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर वर्ग में मनीषा ने 93.3% अंकों के साथ टॉपर बनकर विद्यालय का नाम रोशन किया। कार्यक्रम में स्याना विधायक देवेंद्र लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विद्यालय के अध्यक्ष हितेश गर्ग, प्रबंधक मनोज नारायण बेरी तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्य रामकिशन, नरेंद्र बंसल, जितेंद्र पाल सिंह और वीरेंद्र गर्ग भी मौजूद थे। पूरे वर्ष के आचरण, सक्रियता और शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर कक्षा 7 के पुनीत सोलंकी को आदर्श छात्र तथा कक्षा 11 की वंशिका को आदर्श छात्रा घोषित किया गया। शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए भावेश कुमार, मनीषा और अंकुश कुमार को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया इसके अतिरिक्त, प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि देवेंद्र लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिकता का विशेष ध्यान रखा जाता है, जो अत्यंत सराहनीय है। विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट मनोज बेरी ने विद्यार्थियों को नई कक्षा में प्रवेश की बधाई दी। उन्होंने छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई और कम अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को आत्ममंथन कर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के अध्यक्ष हितेश गर्ग ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह दी, ताकि स्वस्थ शरीर के साथ वे बेहतर अध्ययन कर सकें।

Leave a Reply