DniNews.Live

बेटों ने ही रची पिता की हत्या की साजिश:कौशांबी में कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट, पत्नी और दो बेटे गिरफ्तार

कौशांबी में एक पिता की हत्या उसी के परिवार ने मिलकर कर दी। कारण बना जमीन का विवाद और शादी में आ रही अड़चन। पुलिस ने महज दो दिन में इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर पत्नी और दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना दो दिन पहले की है, जब गांव के बाहर एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला। शरीर पर कुल्हाड़ी से किए गए कई वार साफ नजर आ रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि हत्या के बाद शव को करीब 50 मीटर तक खेतों में घसीटकर छिपाने की कोशिश की गई थी। शुरुआत में मामला रहस्यमय लगा, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी घर के भीतर तक पहुंच गई। जमीन और शादी बना कत्ल की वजह पुलिस ने जब मृतक के परिवार से पूछताछ शुरू की, तो उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया। शक गहराया तो सख्ती से पूछताछ की गई। आखिरकार, मृतक की पत्नी कलकुटिया और बेटे लवलेश व झुरई टूट गए। उन्होंने कबूल किया कि नथन सरोज की हत्या उन्होंने ही मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी लवलेश ने जो कहानी बताई, वह बेहद चौंकाने वाली थी। उसने बताया कि उसके पिता ने अपनी दूसरी पत्नी के नाम जमीन कर दी थी, जबकि उसे कुछ नहीं मिला। इसी कारण उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। लगातार अपमान और नाराजगी ने उसके भीतर गुस्सा भर दिया। इसी गुस्से में उसने मां और भाई के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रच डाली और वारदात को अंजाम दे दिया। एसपी बोले- कानून करेगा सख्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह हत्या पूरी तरह से सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी। मृतक ने दो शादियां की थीं और दूसरी पत्नी के नाम जमीन करने से परिवार में तनाव था।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी ने कहा कि इस तरह के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में सन्नाटा, लोग बोले- ऐसा कभी नहीं देखा घटना के बाद अजरौली गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जमीन के लिए बेटे अपने पिता की जान ले सकते हैं। यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि टूटते रिश्तों और लालच की एक खौफनाक तस्वीर बनकर सामने आई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *