रूसी राष्ट्रपति पुतिन की शुक्रवार को सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक 23 वर्षीय पत्रकार ने अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज कर दिया। किरिल के हाथ में एक प्लेकार्ड था, जिस पर लिखा था – ‘आई वॉन्ट टु गेट मैरीड’। वायरल वीडियो में रूस के लोकल टीवी जर्नलिस्ट किरिल बाजानोव ने पुतिन से सवाल पूछने से पहले दर्शकों से कहा – मेरी गर्लफ्रेंड ये देख रही है। ऑल्गा, क्या तुम मुझसे शादी करोगी? प्लीज, मुझसे शादी कर लो… मैं तुम्हें प्रपोज कर रहा हूं। कुछ देर बाद लाइव ब्रॉडकास्ट की होस्ट ने अपडेट देते हुए कहा, ‘हमें ब्रेकिंग न्यूज मिल रही है, किरिल बाजानोव की गर्लफ्रेंड ओलेचका ने उनका प्रपोजल स्वीकार कर लिया है, अब वो किरिल से शादी करेंगी।’ होस्ट की घोषणा के बाद दर्शकों के साथ पुतिन भी ताली बजाने लगे। तभी पत्रकार ने पुतिन को निमंत्रण देते हुए कहा, ‘राष्ट्रपति महोदय, हमें अपनी शादी में आपको देखकर बहुत खुशी होगी।’ पुतिन ने शादी के निमंत्रण का जवाब नहीं दिया, बल्कि आर्थिक सहायता की पेशकश की। उन्होंने कहा – ‘किरिल परिवारों की आर्थिक स्थिति के बारे में पूछ रहे थे। और यह सही है। अब हम चंदा इकट्ठा करेंगे और कम से कम उनकी शादी के लिए पर्याप्त धन जुटाएंगे।’ अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… चीन ने समुद्र के नीचे एशिया का सबसे बड़ा गोल्ड भंडार खोजा, करीब 3900 टन सोना मिलने की संभावना चीन ने अपने शेडोंग प्रांत के यांताई जिले के लाइझोउ शहर के तट के पास समुद्र के नीचे सोने का एक बहुत बड़ा भंडार खोजने का दावा किया है। इसे एशिया का अब तक का सबसे बड़ा समुद्री स्वर्ण भंडार बताया जा रहा है। चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस इलाके में करीब 3,900 टन सोना होने की संभावना है। बताया गया है कि यह मात्रा चीन के कुल नेशनल गोल्ड रिजर्व का लगभग 26% हो सकती है। हालांकि, अभी तक समुद्र के नीचे मिले सोने की सही मात्रा और उसकी कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। यांताई नगर प्रशासन का कहना है कि इस खोज के बाद लाइझोउ शहर सोने के भंडार और उत्पादन, दोनों मामलों में चीन में सबसे आगे आ गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह खोज देश की अर्थव्यवस्था और माइनिंग इंडस्ट्री के लिए काफी अहम मानी जा रही है। इससे पहले नवंबर महीने में भी चीन ने अपने पूर्वोत्तर प्रांत लियाओनिंग में लगभग 1,444 टन सोने के भंडार की खोज की थी। लगातार हो रही इन खोजों से साफ है कि चीन अपने खनिज संसाधनों को लेकर बड़े स्तर पर काम कर रहा है। चीन को दुनिया का सबसे बड़ा सोना उत्पादक देश माना जाता है, जहां हर साल करीब 377 टन सोने का उत्पादन होता है। हालांकि, कुल स्वर्ण भंडार के मामले में चीन अभी भी दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से पीछे है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले- यूक्रेन हारा, तो पोलैंड पर हमला करेगा रूस यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि अगर यूक्रेन हारा, तो रूस पोलैंड पर हमला करेगा। पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी के साथ ज्वॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेलेंस्की ने बीच मजबूत संबंध बनाए रखने की बात भी कही। जेलेंस्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, यूक्रेन पूरी तह आजाद नहीं हुआ, तो रूस का ध्यान पोलैंड पर जाएगा। इसीलिए यह बेहद जरूरी है कि दोनों देश एकजुट होकर खड़े रहें। जेलेंस्की 19 दिसंबर को पोलैंड की राजधानी वारसॉ में थे। इस दौरे का मकसद पोलैंड में हुए सत्ता परिवर्तन के बावजूद पोलैंड के साथ संबंध स्थिर बनाए रखना था। ये 2025 में जेलेंस्की की तीसरी पोलैंड यात्रा रही।पोलैंड की वर्तमान सरकार यूक्रेन का समर्थन करती आई है। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यूक्रेन के सबसे बड़े समर्थकों में से एक रहे है। हालांकि इस साल 6 अगस्त को हुए राष्ट्रपति चुनाव में टस्क की पार्टी को हार को सामना करना पड़ा और विपक्षी लॉ एंड जस्टिस’ पार्टी के समर्थन से नवरोकी राष्ट्रपति बने। इस चुनाव के नतीजों से आशंका जताई जा रही है कि 2027 में ‘लॉ एंड जस्टिस’ पार्टी की सत्ता में वापसी हो सकती है। चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बने नवरोकी ने अब तक खुलकर कोई रुख नहीं अपनाया है। जेलेंस्की ने नवरोकी को यूक्रेनी राजधानी कीव आने का निमंत्रण भी दिया। ताइवान में भीड़ पर चाकू से हमला, 4 लोगों की मौत कई घायल ताइवान की राजधानी ताइपे में शुक्रवार को एक युवक ने भीड़ भरे इलाके में लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हमलावर ने लोगों में डर फैलाने के लिए स्मोक ग्रेनेड भी फेंके। यह हमला ताइपे मेन स्टेशन से शुरू हुआ, जो शहर का सबसे व्यस्त रेलवे और मेट्रो स्टेशन है। शाम के समय जब वहां बहुत भीड़ थी, तभी युवक ने स्टेशन के अंदर स्मोक बम फेंका और फिर पास के झोंगशान इलाके की ओर भाग गया। वहां उसने सड़क और एक शॉपिंग मॉल में लोगों पर चाकू से हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हर तरफ धुआं और अफरा-तफरी मच गई थी। लोग जान बचाकर इधर-उधर भाग रहे थे। पास की दुकानों और रेस्टोरेंट में लोग छिप गए। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि माहौल बहुत डरावना था और सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने हमलावर का पीछा किया। इसी दौरान वह एक इमारत से गिर गया और उसकी भी मौत हो गई। ताइपे के मेयर ने बताया कि मरने वालों में से एक व्यक्ति ने स्टेशन के अंदर हमलावर को रोकने की कोशिश की थी। पुलिस के मुताबिक हमलावर 27 साल का था और ताओयुआन इलाके का रहने वाला था। वह पहले वायुसेना में काम कर चुका था, लेकिन 2022 में उसे नौकरी से हटा दिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि उसके खिलाफ पहले से कुछ मामले दर्ज थे। हमले के पीछे उसका मकसद अभी साफ नहीं हो पाया है। बांग्लादेश में फिर हिंसा भड़की:छात्र नेता का शव पहुंचने के बाद ढाका में आगजनी; दावा- मुख्य आरोपी भारत भागा, बॉर्डर पर भारतीय सेना अलर्ट बांग्लादेश में शेख हसीना के विरोधी नेता उस्मान हादी का शव शुक्रवार शाम सिंगापुर से ढाका पहुंचा। इस बीच ढाका में आंदोलनकारी फिर हिंसक हो गए और उदिची संस्था के कार्यालय को जला दिया। ये संस्था कट्टरपंथियों के विरोध में काम करती है। बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, हत्यारों को ट्रांसपोर्टेशन में सपोर्ट करने वाले आरोपियों ने अदालत में हत्या के मुख्य आरोपी फैसल करीम के भारत भागने का दावा किया है। इधर भारतीय सेना भी एक्टिव हो गई है और बांग्लादेश के हालात पर नजर बनाए हुए है। ईस्टर्न कमांड प्रमुख ले. जनरल आरसी तिवारी ने गुरुवार शाम भारत-बांग्लादेश सीमा का दौरा किया है। पढ़ें पूरी खबर… पुतिन बोले- यूक्रेन NATO में शामिल होने की जिद छोड़े:तभी शांति आएगी, संपत्ति जब्त करने पर कहा- यूरोपीय संघ चोरी नहीं, डकैती कर रहे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार दोपहर सालाना ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इस दौरान पुतिन ने यूक्रेन युद्ध पर अपनी पुरानी दलीलें दोहराईं। उन्होंने कहा, रूस शांति के रास्ते से युद्ध खत्म करने को तैयार है, लेकिन यूक्रेन को नाटो में शामिल होने की जिद छोड़नी होगी। तभी शांति आएगी। वहीं, यूरोपीय संघ के रूस की संपत्ति जब्त करने के सवाल पर पुतिन ने कहा कि यूरोपीय संघ चोरी नहीं, डकैती कर रहा है। चोरी तो छिपकर होती है, ये सब खुलेआम हो रहा है, लेकिन रूस अपनी संपत्ति वापस लेकर रहेगा। यह पुतिन का 22वां सालाना संवाद है। इस दौरान वह आम लोगों और मीडिया के सवालों के जवाब दे रहे हैं। साथ ही साल 2025 में सरकार के कामकाज और देश से जुड़े बड़े मुद्दों पर अपनी बात रख रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर… अमेरिका ने ग्रीन कार्ड लॉटरी प्रोग्राम सस्पेंड किया:दो यूनिवर्सिटी में गोलीबारी के बाद फैसला, 50 हजार लोगों पर असर पड़ेगा अमेरिका ने शुक्रवार को ग्रीन कार्ड लॉटरी या डाइवर्सिटी वीजा (DV1) प्रोग्राम को सस्पेंड कर दिया है। इसके जरिए अमेरीका में कम प्रतिनिधित्व वाले देशों के लोगों को ग्रीन कार्ड दिया जाता था। ये निर्णय 14 दिसंबर को ब्राउन यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी और 15 दिसंबर को मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर की घर पर गोली मारकर हत्या के बाद लिया गया है। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प के निर्देश पर इस लॉटरी प्रोग्राम को रोका गया है ताकि कोई और अमेरिकी इस तरह की घटनाओं में घायल न हो। उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में न्यूयॉर्क सिटी में ट्रक हमले के बाद भी ट्रम्प ने इस कार्यक्रम को खत्म करने की कोशिश की थी। पढ़ें पूरी खबर…
https://ift.tt/WuX0yCL
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply