जौनपुर की प्रतिभाशाली बेटी राजिता सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) 2024 परीक्षा में 9वीं रैंक हासिक कर जिले का मान बढ़ाया है। केराकत तहसील क्षेत्र के हुरहुरी गांव की निवासी राजिता की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। राजिता सिंह एसडी पब्लिक स्कूल हुरहुरी की संचालिका रेखा सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरे जौनपुर जनपद में उत्साह की लहर दौड़ गई है। परिजनों और शुभचिंतकों के अनुसार, राजिता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपने लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर प्रयास किया और सीमित संसाधनों के बावजूद हार नहीं मानी, अपने सपनों को साकार कर दिखाया। राजिता की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए एक नई दिशा और प्रेरणा बनी है। लोगों का मानना है कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अपनी सफलता पर राजिता सिंह ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य समाज की सेवा करना है। उनके अनुसार, उनके माता-पिता दोनों अध्यापक रहे हैं और उन्होंने बचपन से ही मार्गदर्शन प्राप्त किया है। उनके नाना भी प्रोफेसर थे, जिससे उन्हें शिक्षा और समाज सेवा की प्रेरणा मिली। गांव और आसपास के क्षेत्रों में राजिता को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जौनपुर के लिए गर्व का क्षण बताया है। रजिता ने बताया कि परिवार के लोगों ने मुझे मोटिवेट किया। अगर समाज में बदलाव लाना है तो गुरु एक दिशा दे सकता है और एक अधिकारी समाज को बदल सकता है। हमने संघर्ष बहुत किया है और लगातार संघर्ष जारी है। लेकिन रिजल्ट आने के बाद मुझे अच्छा लगा। मैंने यूपीएसी में भी अटेम्पट दिया,सिलेक्शन न होने पर पीसीएस देखा। इसका श्रेय सबसे पहले भगवान को देना चाहेंगे क्योंकि पहले भगवान अपने बन्दे को चुनता है। किसको क्या बनना है। उसके बाद माता पिता गुरु और परिवार को देती हूं। लड़कियों को कम मौका मिलता है। जब लड़कियों को मौका मिले तो वो इस तरह आगे बढ़ते रहें। हम बदलेंगे तो जग बदलेगा, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा ध्यान में रखकर हमको आगे बढ़ना चाहिए।
पिता डॉ राजेश सिंह ने कहा कि आज बहुत अच्छा लग रहा है, इसी तरह लड़कियों को आगे बढ़ना चाहिए। इससे हमारे परिवार की गरिमा बनी रहेगी। हम लोग प्राइवेट स्कूल के प्रबंधक हैं। राजिता की पढ़ाई जौनपुर से शुरू हुई उसके बाद वाराणसी फिर दिल्ली से तैयारी की। माता रेखा सिंह ने भी खुशी जताई।

Leave a Reply