जालौन के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में वार्ड में भर्ती मरीज के लिए भोजन लेने गई एक महिला तीमारदार पर कर्मचारी ने सिर पर चमचा मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में करीब आठ टांके लगाए। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, झांसी के उजियारपुर गांव निवासी करन सिंह अपने तीन वर्षीय मानसिक रूप से बीमार पुत्र कृष्णा के इलाज के लिए 19 दिसंबर को पत्नी रिया के साथ मेडिकल कॉलेज उरई आए थे। चिकित्सकों की सलाह पर बच्चे को वार्ड नंबर चार में भर्ती किया गया। बच्चे की देखभाल के लिए करन सिंह की सास सावित्री देवी भी मेडिकल कॉलेज में मौजूद थीं। बुधवार शाम सावित्री देवी वार्ड के बाहर कैंटीन के पास मरीजों और तीमारदारों को वितरित की जा रही खिचड़ी लेने पहुंचीं। आरोप है कि कर्मचारी द्वारा कम मात्रा में भोजन दिए जाने पर उन्होंने दूसरा बर्तन लेकर थोड़ी और खिचड़ी देने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर कर्मचारी और महिला के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर कर्मचारी ने आपा खो दिया और हाथ में मौजूद चमचे से महिला के सिर पर वार कर दिया। हमले से सावित्री देवी जमीन पर गिर पड़ीं और घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। घटना की सूचना करन सिंह द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी कर्मचारी फरार हो चुका था। इस मामले में सीओ सिटी अर्चना सिंह ने बताया कि डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी, हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में भोजन सप्लाई का ठेका जायसवाल फर्म के पास है। महिला तीमारदार के साथ हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारी को तत्काल सेवा से हटा दिया गया है तथा फर्म को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
https://ift.tt/mkQh4qn
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply