बागपत की खेकड़ा तहसील में एसडीएम के निजी ड्राइवर निशु को एंटी करप्शन टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार दोपहर खेकड़ा तहसील परिसर में की गई। निशु खेकड़ा एसडीएम की गाड़ी चलाता था। भगोट गांव निवासी अक्षय कुमार ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। अक्षय कुमार की गांव के मुख्य मार्ग के पास जमीन है, जिसकी कुर्रेबंदी का मामला एसडीएम कार्यालय में विचाराधीन है। शिकायतकर्ता अक्षय कुमार का आरोप है कि एसडीएम के कहने पर ही निशु ने उनसे बातचीत शुरू की थी। शुरुआत में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में एक लाख रुपये पर सहमति बनी, जिसमें आधी रकम पहले और आधी बाद में देने की शर्त रखी गई। अक्षय कुमार ने इस मामले की जानकारी एंटी करप्शन टीम को दी। टीम ने योजना बनाकर सोमवार दोपहर निशु को खेकड़ा तहसील से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम निशु को खेकड़ा थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारी इस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रहे हैं।

Leave a Reply