अमेठी में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जनपद कार्यालय, गौरीगंज में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिले के सभी बूथों पर भी अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी शंकर गिरी रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने की। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई लोकतांत्रिक और मानवतावादी मूल्यों की प्रतिमूर्ति थे। वे सुशासन के सशक्त सूत्रधार थे और उनके स्थापित आदर्श हम सभी के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अटल जी के सुशासन के सपनों को साकार कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने अपने संबोधन में अटल जी को मां भारती का सच्चा सपूत और विराट व्यक्तित्व का धनी बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी राजनीति के अजातशत्रु थे और उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। गोष्ठी में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने अटल जी के करिश्माई व्यक्तित्व, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रवादी विचारधारा पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अटल जी की कविताओं का भी स्मरण किया गया। भाजपा प्रवक्ता चंद्रमौलि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी बूथों पर भी अटल जी के चित्र पर पुष्पार्चन कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर पांडे, रामप्रसाद मिश्रा, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र (मटियारी), युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विषुव मिश्रा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा बाजपेई, ब्लॉक प्रमुख अमरेंद्र सिंह ‘पिंटू’ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
https://ift.tt/hPurJ6A
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply