महराजगंज जनपद के मिठौरा ब्लॉक अंतर्गत खोस्टा गांव के मिथिलेश यादव ने यूपीपीसीएस (UPPCS) परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने 140वीं रैंक प्राप्त कर उप-जिलाधिकारी (SDM) के पद पर चयन होकर जिले का मान बढ़ाया है। मिथिलेश रामकिशन यादव के पुत्र हैं। मिथिलेश यादव वर्तमान में भारतीय रेलवे के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन इंजीनियर पद में कार्यरत हैं। अपनी नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और प्रदेश की इस प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया। उनकी इस उपलब्धि से उनका परिवार और विभाग दोनों गौरवान्वित हैं। मिथिलेश की सफलता की खबर गांव पहुंचते ही जश्न का माहौल बन गया। मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने खुशी जाहिर की। उनके बड़े भाई अखिलेश यादव ने इस उपलब्धि को कठिन परिश्रम और ईमानदारी का परिणाम बताया। मिथिलेश के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सूरज यादव, गिरजेश, बृजेश, रामबदन और जयप्रकाश सहित कई ग्रामीण और शुभचिंतक उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि मिथिलेश ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मिथिलेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, बड़े भाई के सहयोग और निरंतर संघर्ष को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि नौकरी के साथ भी उच्च लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है, जिसके लिए समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है।

Leave a Reply