उन्नाव जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जों और भूमाफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुरवा तहसील के नगर पंचायत मौरावां क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर कब्जा जमाने वाले भूमाफिया पर बुल्डोजर चलाया गया। इस कार्रवाई में लगभग ढाई करोड़ रुपये मूल्य की 9 बिस्वा सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार, इसरार अहमद गाटा संख्या 2382 और 2277 की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से पक्की नींव खड़ी कर प्लाटिंग कर रहा था। आरोप था कि वह इस सरकारी भूमि को निजी संपत्ति की तरह बेचने की तैयारी में था। शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग ने जांच की, जिसमें सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया। इसके बाद एसडीएम पुरवा प्रमेश श्रीवास्तव ने संबंधित व्यक्ति को कब्जा हटाने के लिए सख्त नोटिस जारी किया। चेतावनी के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। अवैध निर्माण न हटाए जाने पर जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया। सोमवार को एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बुल्डोजर की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान तहसीलदार मनीष द्विवेदी और नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने करीब 9 बिस्वा सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ढाई करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। एसडीएम पुरवा प्रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध कब्जाधारकों में भी खलबली मच गई।

Leave a Reply