बुलंदशहर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक हल्की धूप निकलने के बाद घना कोहरा छा गया। कोहरे के साथ चली ठंडी हवाओं से गलन बढ़ गई, जिससे दिन में भी लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। मौसम के इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हुआ। ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखी। अचानक गलन वाली ठंड शुरू होने के कारण बाजारों की सड़कों पर आवाजही कम रही। बताते चलें कि पिछले एक सप्ताह से जिले में मौसम सुहाना बना हुआ था, जिसके चलते सुबह से ही धूप निकल रही थी और हवा की रफ़्तार भी कम थी। ऐसे में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री के आसपास ही था। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में इस गिरावट से ठंड का असर और बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. विवेक राज ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और उत्तरी हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम कोहरा और गलन बनी रह सकती है। उन्होंने किसानों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
https://ift.tt/bThy9Hs
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply