DniNews.Live

कानपुर के प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में लगी आग:4 दमकल ने 45 मिनट में पाया काबू, आग लगने के कारण तलाश रही टीम

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर में रविवार देर रात एक प्लास्टिक कबाड़ गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। कोयला नगर चौकी प्रभारी राष्ट्रदीप सिंह ने बताया कि यह गोदाम एजाज नामक व्यक्ति का है। रविवार देर रात अचानक आग लगी और देखते ही देखते पूरे गोदाम में फैल गई, जिससे वहां रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें देखकर इलाके में हड़कंप मच गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। चौकी प्रभारी ने यह भी बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और इसकी जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी अभी नहीं किया जा सका है। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने जानकारी दी कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद चार दमकल वाहनों की मदद से आग बुझा दी गई है। उन्होंने बताया कि गोदाम के संचालन की जांच की जा रही है और यदि यह मानकों के विपरीत पाया गया तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र के निवासियों राजू, अंकित कुमार और शिवम ने बताया कि इलाके में ऐसे कई कबाड़ गोदाम हैं जिनके पास आवश्यक एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) नहीं है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आबादी वाले क्षेत्रों में ऐसे गोदामों का संचालन लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *